भोपाल/आई संवाद/ मध्यप्रदेश में बुधवार की सुबह दो सियासतदानों की मुलाकात ने सियासत के बाजार में गर्मी को और भी बढ़ा दिया, जबकि उन दिनों जब प्रदेश में राजनीतिक नियुक्तियों का दौर जारी है। इसके साथ ही गेहूं खरीदी और महिला आरक्षण बिल को लेकर घमासान छिड़ा हुआ है। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन नवीन की नई टीम का ऐलान भी जल्द हो सकता है, उसमें मध्यप्रदेश से भी कई नेताओं के जाने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि इन नेताओं के बीच इन विषयों पर चर्चा की गई।
शिवराज सिंह चौहान-डॉ. मोहन यादव के बीच चर्चा
बुधवार की सुबह केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री निवास पर पहुंचकर सीएम डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। खास बात ये रही कि सीएम मोहन यादव व केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस मुलाकात की सोशल मीडिया पर तस्वीरें भी साझा की है। इस मुलाकात के बाद माना जा रहा है कि आने वाले वक्त में दोनों के बीच चर्चा का परिणाम जनता के सामने होगा, जिसमें निगम-मंडल में नियुक्तियों के साथ नेताओं के उपकृत करने का मुद्दा शामिल है।
सीएम डॉ. मोहन ने ये लिखा
सीएम मोहन यादव ने मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि आज भोपाल निवास में माननीय केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान जी से भेंट हुई।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने ये लिखा
वहीं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखा- आज भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास पर मध्यप्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री @DrMohanYadav51 जी से सौजन्य भेंट की। इस दौरान विभिन्न विषयों पर सार्थक संवाद हुआ।
नितिन नवीन की टीम में मध्यप्रदेश से इन नेताओं को मिलेगी जगह ?… ये बन रहे ताजा समीकरण !
शिवराज-मोहन की दिख सकती है ट्यूनिंग
मध्यप्रदेश में राजनीतिक नियुक्तियों का दौर जारी होने के साथ निगम-मंडल, प्राधिकरणों में और भी नियुक्तियां होना है। जहां बीजेपी के प्रशिक्षण शिविर की कवायद चल रही है, वहीं प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा का भी बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। इस बारे में पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने जल्द कार्यसमिति के ऐलान की घोषणा की थी, जिसमें शिवराज-मोहन की मुलाकात की झलक देखी जा सकती है।









