भोपाल/आई संवाद/ बीजेपी ने संगठन स्तर के ढांचे को मजबूती देने के लिए निचले स्तर पर भी अच्छे नामों को सुझाना शुरु कर दिया है। जिला अध्यक्ष हर वार्ड पर नजर बनाए हुए है, कोशिश की जा रही है कि निचले स्तर पर युवाओं को मौका देकर आने वाले वक्त की तैयारी भी की जाए। इस बात का ध्यान वार्ड संयोजकों की नियुक्ति में विशेष तौर पर रखा जा रहा है, क्योंकि जिन वार्डों में कांग्रेस का पार्षद होगा, वहां पर वार्ड संयोजक ही महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा। जिसके लिए बीजेपी ने पैनल फॉर्मूले पर काम करना शुरु किया है।
वार्ड संयोजकों के लिए बनाया पैनल
बीजेपी में मंडल स्तर पर कार्यकारिणी घोषित करने के बाद वार्ड स्तर पर भी कार्यकारिणी का गठन करने की तैयारी की जा रही है, जिस तरह से पार्षद के टिकट वितरण में 3-3 नामों का पैनल बनाया गया था, उसी तरह वार्ड संयोजकों के लिए भी में 3-3 नाम मंगाए गए हैं, उन्हीं में से बेहतर नाम को वार्ड संयोजक का पद दिया जाएगा। इसके साथ ही शक्ति केंद्रों का पुनर्निधारण भी किया जाएगा। शक्ति केंद्रों की बैठकें भी आयोजित कर उसका काम कार्यकर्ताओं को बताने के लिए वरिष्ठ नेताओं को कहा गया है।
जिला स्तर पर मोर्चा-प्रकोष्ठ में नियुक्ति
बीजेपी ने जिला स्तर पर सभी जगह नियुक्तियां कर दी है, लेकिन अब तक नगर और जिला स्तर पर मोर्चा-प्रकोष्ठों में नियुक्तियां होना है, जिसको लेकर भी पैनल फॉर्मूले पर काम किया जा रहा है, ताकि उसमें से सक्रिय और संगठन के लिए समय देने वाले कार्यकर्ता को पद देकर उपकृत किया जाए। उसके बाद जल्द ही उन्हें भी कार्यकारिणी बनाने को कहा जाएगा।
निगम-मंडल, आयोगों के अध्यक्षों को सख्त हिदायत… करीबियों को रखें कामकाज से दूर!









