इंदौर/आई संवाद/ अपने जमाने के कद्दावर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के बेटे पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ‘राहुल भैया’ मालवा के दौरे पर आने वाले हैं। उनके आने से कांग्रेस में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक वो दो दिन तक इंदौर में रहेंगे, हालांकि उनका अधिकृत कार्यक्रम शहर कांग्रेस कमेटी को नहीं मिला है, लेकिन उनके निजी और पार्टी के कार्यक्रमों का ब्यौरा उनके कार्यालय से जारी हुआ है, वैसे कहा जाए तो इंदौर में अजय सिंह के समर्थकों की संख्या ना के बराबर है, लेकिन फिर भी विंध्य के कांग्रेसियों में उनकी एक तरफा पकड़ देखने को मिलती है।
इंदौर में बढ़ी राजनीतिक हलचल
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के बाद पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह की क्षत्रिय मतदाताओं में खासी पकड़ मानी जाती है, जिसके बाद माना जा रहा है कि इस वर्ग के सामाजिक लोगों से भी वो मुलाकात कर सकते हैं। वहीं अजय सिंह अपने दौरे की शुरुआत पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के निवास से करेंगे, सुबह का नाश्ता उनके घर पर ही रखा गया है। इसके बाद वे प्रमुख कार्यकर्ताओं के घर जाएंगे। दिवंगत नेताओं के यहां शोक जताने के साथ मांगलिक कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे। साथ ही अजय सिंह जमीनी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनमें जोश भरने का काम करेंगे।
जीतू पटवारी का सरकार पर आरोप… जनता का गुस्सा ही बीजेपी का सरकार का ‘रिपोर्ट कार्ड’
कार्यकर्ताओं को संगठन मंत्र देंगे ‘अजय सिंह’
अपने दौरे के दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष दोपहर में गांधी भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े भी मौजूद रहेंगे। दौरे के समापन के दौरान एक बार फिर अजय सिंह पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के घर जाएंगे, जहां वे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। बैठक में सरकार के खिलाफ माहौल बनाकर आंदोलन करने की रणनीति तैयार की जाएगी। इसी तरह वे अपने समर्थकों हर्ष जैन और राकेश सिंह यादव के यहां भी जाएंगे।
एमपी बीजेपी ने वार्ड संयोजकों की नियुक्ति के लिए बनाया फॉर्मूला… बनाए 3-3 नामों की पैनल









