भोपाल/आई संवाद/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आई है। राजधानी भोपाल में लालघाटी चौराहे से सीएम का काफिला गुजर रहा था, तभी एक बाइक सवार सिपाही सुरक्षा घेरा तोड़कर काफिले के भीतर पहुंच गया और कुछ दूरी तक उसे ओवरटेक करने की कोशिश करता रहा। मुख्यमंत्री स्टेट हैंगर से सीएम हाउस लौट रहे थे। वहीं काफिले मे चूक के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
वीआईपी मूवमेंट की अनदेखी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का काफिला लालघाटी से मुख्यमंत्री निवास की तरफ जा रहा था, इस दौरान सुरक्षा घेरा तोड़कर एक सिपाही बाइक लेकर काफिले के पास पहुंच गया। जानकारी के मुताबिक सिपाही वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी करते हुए कई किलोमीटर तक काफिले का पीछा करता रहा। जिसके चलते आगे वायरलेस सेट से जानकारी देकर पीछा कर रहे सिपाही को रोका गया।
निशातपुरा थाने में पदस्थ है सिपाही
सिपाही की पहचान निशातपुरा थाने में पदस्थ शैलेश अवस्थी के रुप में हुई है, जोकि विभाग से जुड़े परिवार से ही ताल्लुक रखता है। वहीं जांच के दौरान ब्रीथ एनलाइजर टेस्ट में सिपाही के शराब के नशे में होने की पुष्टि होने की बात सामने आई। मामले को गंभीर मानते हुए तत्काल प्रभाव से उसे निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की अलग से जांच कराई जाएगी और सुरक्षा में किसी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर अतिरिक्त कार्रवाई भी की जाएगी।
भाई की बुलैट का बना चालान… बहन ने पुलिस वैन के बोनेट पर बैठकर दिया धरना









